बीकानेर: दिल दहला देने वाली घटना, नवजात बालिका का क्षत-विक्षत शव मिलने से फैली सनसनी
बीकानेर । श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में गुरुवार सुबह जहां एक ओर हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही थीं, वहीं पूर्णिमा के पावन दिन एक बेहद दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है। आइसर बास बाई 32 क्षेत्र में एक नवजात बालिका का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुबह मजदूरी पर जा रहे एक युवक की नजर इस शव पर पड़ी। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते यह खबर पूरे मोहल्ले में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्मशान रोड के पास मिले इस शव को आवारा कुत्तों ने बुरी तरह नोंच लिया था। शव का ऊपरी हिस्सा गायब बताया जा रहा है, जबकि शरीर के अंदरूनी अंग बाहर निकले हुए थे, जिससे दृश्य बेहद भयावह हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस बात से भी इंकार किया है कि यह किसी पुराने गड़े हुए शव को निकालकर फेंका गया हो।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और मामले की जांच शुरू की जाएगी। यह घटना न सिर्फ मानवता को झकझोर देने वाली है, बल्कि समाज के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े करती है। फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है, ताकि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।










