खाजूवाला: जिप्सम खनन में करोड़ों की धोखाधड़ी, एक ही परिवार के 8 लोगों पर मामला दर्ज

बीकानेर न्यूज़। खाजूवाला थाना क्षेत्र में जिप्सम खनन व्यवसाय से जुड़ा करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का बड़ा मामला सामने आया है। एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक ही परिवार के 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अब्दे खां निवासी 2 क्चक्र ने रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी जिप्सम खनन लीज पर कार्य के लिए ‘ऋषभ कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स’ के प्रोपराइटर श्रवण कुमार बिश्नोई व उनके परिजनों के साथ समझौता किया था। समझौते के अनुसार खनन कार्य के बदले तय राशि और जेसीबी मशीन की किस्तें चुकानी थीं।
आरोप है कि 30 सितंबर 2025 को हिसाब करने पर 2,16,21,029 रुपये बकाया निकले, लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और धोखाधड़ी की। पुलिस के अनुसार कोर्ट से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर श्रवण कुमार, राजाराम, दिनेश, सुनील, लालचंद, गोरधनराम, सुशीला और सुमित्रा (निवासी गोडू, हाल सदर बाजार बज्जू) के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत द्वारा की जा रही है।






