राजस्थान में विशेष अभियान के तहत फॉर्म-6 के 4.80 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त
जयपुर, 15 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में 1 अक्टूबर 2026 से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रहे सभी पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 तक राज्य में फॉर्म-6 के कुल 4,80,893 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18-19 आयु वर्ग के 2,67,946 तथा 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के 2,12,947 आवेदन शामिल हैं।
श्री महाजन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC), बूथ लेवल अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा स्वीप टीमों द्वारा समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर पहुंचकर पात्र युवा एवं नवमतदाताओं को जागरूक करने तथा उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। पात्र नागरिक voters.eci.gov.in पोर्टल अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन Form-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
