बीकानेर में क्रिप्टो निवेश के नाम पर ठगी: 2.30 लाख रुपये हड़पे, पुलिस जांच शुरू
बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है .प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवादी शरीफ अहमद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अनिल शर्मा और प्रदीप स्वामी ने मिलकर उसे क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा दिया। आरोप है कि दोनों ने बेईमानी की नीयत से लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये निवेश करवाए, लेकिन बाद में न तो मूल राशि वापस की और न ही कोई लाभ या ब्याज दिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने भरोसा जीतकर निवेश करवाया और बाद में संपर्क करना भी कम कर दिया। इस धोखाधड़ी के चलते उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। परिवादी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच आरपीएस रोहित चौधरी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या यह कोई बड़ा गिरोह तो नहीं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या प्लेटफॉर्म के कहने पर निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।






