बीकानेर पुलिस का बड़ा एक्शन, ढाई हजार का इनामी बदमाश आखिरकार चढ़ा हत्थे
बीकानेर। जेएनवीसी थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे हार्डकोर अपराधी विजयपाल विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 2500 रुपये का इनाम घोषित था और वह हिस्ट्रीशीटर बदमाश बताया जा रहा है। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक Mridul Kachhawa के निर्देशन में की गई।
थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के अनुसार 3 जुलाई 2025 को व्यास कॉलोनी क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी कैंपर गाड़ी के पास खड़ा था, तभी विजयपाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाड़ी से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने लाठियों और सरियों से हमला कर पीड़ित को गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा वाहन में तोड़फोड़ भी की।
इस मामले में दर्ज एफआईआर में शिव गोदारा, विष्णु बांगूड़ा, बाला राठौड़, राहुल बिश्नोई, सीताराम, सुनील ज्याणी, शिवलाल कस्वां, गांधी कस्वां, राकेश रिंटोड़ और अल्ताफ सहित 10-15 अन्य युवकों के खिलाफ मारपीट के आरोप लगाए गए थे।
पुलिस के अनुसार विजयपाल विश्नोई के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस प्रकरण में अब तक 10 से ज्यादा आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।








