---

Weather Alert: बीकानेर सहित पुरे राजस्थान में ओले और आंधी, किसानों के लिए खतरे की घंटी

On: March 30, 2026 4:38 PM
हमें फॉलो करें:
Weather Alert: बीकानेर सहित पुरे राजस्थान में ओले और आंधी, किसानों के लिए खतरे की घंटी
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Group

Join Now

Facebook Page

Follow

Weather Alert: बीकानेर सहित पुरे राजस्थान में ओले और आंधी, किसानों के लिए खतरे की घंटी

बीकानेर न्यूज़। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है और 5 अप्रैल तक बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सोमवार दोपहर बाद कोटा, झालावाड़, बारां, बीकानेर, अलवर, अजमेर और चूरू सहित कई जिलों में बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे, जबकि जैसलमेर में तेज आंधी चली। जयपुर और जोधपुर में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे गर्मी से राहत मिली।

बीकानेर: पांचू में तेज बारिश-ओलावृष्टि का कहर, पुलिस की गाड़ी पर गिरा पेड़, जवान फंसे

बीकानेर। जिले के पांचू क्षेत्र से मौसम से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। देर रात अचानक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया, जहां तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई और कई जगह नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पुलिस की रात्रिकालीन गश्त के दौरान गांव के बाजार में अचानक एक भारी भरकम नीम का पेड़ पुलिस वाहन पर गिर गया। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम गश्त पर थी। पेड़ गिरने से वाहन में सवार पुलिस जवान अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई गंगाराम बिश्नोई मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए फंसे हुए जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि वाहन को नुकसान पहुंचा है। तेज बारिश के साथ गिरे ओलों के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय किसानों के अनुसार, अगर मौसम इसी तरह बना रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है।

कोटा में झमाझम बारिश, सड़कों पर बहा पानी
कोटा शहर में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते सड़कों पर पानी बहने लगा और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। नयापुरा क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान पुलिस लाइन परिसर में पीपल के पेड़ का एक हिस्सा गिर गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। झालावाड़ जिले में भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। बाघेर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है।

ओलावृष्टि से किसानों की बढ़ी चिंता
बारिश और ओलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मंडियों में खुले में रखी उपज और अनाज भीग गया, जिससे नुकसान की आशंका है। खेतों में कटी हुई फसल, खासकर गेहूं के ढेर, बारिश की चपेट में आ गए। किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए तिरपाल डालकर ढकना पड़ा। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा, तो रबी की फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ा मौसम
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, जिससे मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना, कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश। जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा।

3 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 अप्रैल को मौसम अपेक्षाकृत शांत रह सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और मेघगर्जन की संभावना बनी रहेगी। लेकिन 3 से 5 अप्रैल के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे फिर से आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

लोगों के लिए जरूरी सावधानियां। मौसम विभाग ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है: आंधी के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थान पर रहें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें कृषि मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है: खुले में रखी फसल और अनाज को ढककर रखें। मंडियों में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें। कटाई के बाद फसल को तुरंत सुरक्षित भंडारण में रखें

राजस्थान में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अगले कुछ दिनों तक जारी रहने वाला है। जहां एक ओर बारिश और ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर ओलावृष्टि किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। आने वाले दिनों में मौसम की यह स्थिति प्रदेश के जनजीवन और कृषि दोनों पर असर डाल सकती है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें