पिस्तौल की नोक पर 51 लाख की एटीएम कैश वैन लूट के मामले में इनामी आरोपी गिरफ्तार

पांचू। बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र में हुई 51 लाख रुपए की एटीएम कैश वैन लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

जानकारी के अनुसार, पांचू थाना क्षेत्र में पांच अगस्त को साधुना और सारुंडा गांव के बीच दिनदहाड़े बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर एटीएम में नकदी भरने जा रही कैश वैन को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस दुस्साहसिक घटना में बदमाश करीब 51 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया था।